रामनगर/ बाराबंकी । शिवभक्तों की अटूट आस्था के केंद्र श्री लोधेश्वर महादेव धाम में फाल्गुनी मेले को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा का मजबूत कवच तैयार कर लिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और शांतिपूर्ण दर्शन-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने रामनगर पुलिस टीम के साथ मेला क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया।
मंदिर परिसर, शिव अभरण सरोवर, जलाशयों, रैन बसेरा और प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मेले की सुरक्षा की मुख्य जिम्मेदारी रामनगर थाना को सौंपी गई है, जबकि जनपद स्तर से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा।पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी निगरानी, महिला श्रद्धालुओं, बुजुर्गों और बच्चों की विशेष सुरक्षा तथा सुचारु यातायात व्यवस्था के इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन का संकल्प है कि हर श्रद्धालु निश्चिंत मन से बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर सके और फाल्गुनी मेले की स्मृतियां श्रद्धा व विश्वास से भरपूर रहें।
