संग्रामपुर/अमेठी! क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थान कालिकन इंटर कॉलेज में गुरुवार को 'राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन अभियान' के अंतर्गत एक वृहद जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को क्षय रोग (टीबी) के प्रति संवेदनशील बनाना और समाज से इस व्याधि को समूल नष्ट करना रहा।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) संग्रामपुर के वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन श्री वीरेंद्र कुमार वर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों को संबोधित किया।
उन्होंने समझाया कि टीबी कोई असाध्य रोग नहीं,अपितु एक उपचार योग्य संक्रामक बीमारी है।
पखवाड़े भर से अधिक खांसी,अनियंत्रित वजन घटना,अल्प ज्वर और रात्रि में स्वेद (पसीना) आना इसके प्राथमिक लक्षण हैं,सरकार द्वारा जांच एवं औषधियां पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं,मरीजों को समुचित पोषण हेतु प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति अनुशासित रहने का आह्वान किया। उन्होंने 'शिष्टाचार और स्वास्थ्य' के अंतर्संबंधों पर बल देते हुए खांसते व छींकते समय मुख को ढकने की अनिवार्यता बताई।
कार्यक्रम के समापन पर समस्त छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे न केवल स्वयं सजग रहेंगे,बल्कि अपने परिवेश को भी टीबी मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
