बीसलपुर। किसान सहकारी चीनी मिल में नवागत प्रधान प्रबंधक राजकुमार जैन ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद मिल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि चीनी मिल के हित एवं लाभ के लिए सभी को एकजुट होकर जिम्मेदारी से कार्य करना होगा।
उल्लेखनीय है कि किसान सहकारी चीनी मिल के तत्कालीन प्रधान प्रबंधक डॉ. हरिकृष्ण गुप्ता के स्थानांतरण के बाद, बिलासपुर चीनी मिल से स्थानांतरित होकर आए राजकुमार जैन ने बीसलपुर चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक पद का कार्यभार संभाला है।बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान प्रबंधक राजकुमार जैन ने कहा कि कार्य के प्रति किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी तालमेल, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कोई कर्मचारी अथवा अधिकारी अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रधान प्रबंधक ने यह भी कहा कि चीनी मिल की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाना, उत्पादन क्षमता बढ़ाना तथा किसानों के हितों का संरक्षण उनकी प्राथमिकता में रहेगा। इसके लिए सभी कर्मचारियों का सहयोग आवश्यक है।बैठक में किसान सहकारी चीनी मिल के सभी अधिकारीगण एवं मुख्य पदों पर तैनात कर्मचारी उपस्थित रहे।
.jpg)