बीसलपुरः कुर्मी महासभा के तत्वावधान में सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती मनाई गई, मेधावी छात्राएं सम्मानित
January 04, 2026
बीसलपुर। कुर्मी महासभा के तत्वावधान में छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज, जोगीठेर में भारत की पहली महिला शिक्षिका एवं राष्ट्रमाता ज्ञान ज्योति सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की मेधावी छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं कुर्मी महासभा पीलीभीत के संरक्षक डॉ. रत्नेश गंगवार ने सावित्रीबाई फुले के जीवन संघर्ष और शिक्षा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महापुरुषों का व्यक्तित्व एवं कृतित्व समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहता है और सावित्रीबाई फुले ने नारी शिक्षा की अलख जगा कर सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध ऐतिहासिक कार्य किया।विशिष्ट अतिथि भारतीय कुर्मी महासभा के प्रदेश सचिव महेश पटेल ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से वैज्ञानिक सोच का विकास कर समाज में व्याप्त अंधविश्वास एवं रूढ़ियों से मुक्ति पाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. योगेश कुमार एवं छत्रपाल पटेल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर शिवकुमार पटेल, प्रेम सागर पटेल, जंगबहादुर पटेल, बलराम गंगवार, चिरंजीव गौर, राजेश पटेल, महेश पटेल, कृष्ण पाल सिंह पटेल, राजेन्द्र सिंह गंगवार सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जंगबहादुर पटेल ने की।इसी क्रम में साहू जी महाराज पब्लिक स्कूल में भी माता सावित्रीबाई फुले जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधक चंद्रपाल मौर्य ने की तथा संचालन प्रधानाचार्य उमेश रस्तोगी द्वारा किया गया।
