सुल्तानपुर। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर के निर्देश पर थाना गोसाईगंज क्षेत्र अंतर्गत चैकी टाटियानगर बाइपास पर वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान आने-जाने वाले दोपहिया वाहनों की गहनता से जांच की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई। चेकिंग अभियान में उपनिरीक्षक गुलाब चंद्र पाल, सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने वाहनों के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, हेलमेट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान कुछ वाहनों में कागजातों की कमी पाई गई, जिस पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा बिना हेलमेट और नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाने वालों को सख्त चेतावनी भी दी गई तथा भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे अपने वाहन के सभी कागजात पूर्ण रखें और यातायात नियमों का पालन करें।
चैकी प्रभारी टाटियानगर गुलाब चंद्र पाल ने बताया कि इस प्रकार की रूटीन चेकिंग समय-समय पर की जाती है। इसका मुख्य उद्देश्य अपराधियों में भय पैदा करना, असामाजिक तत्वों पर नजर रखना तथा क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी तरह के चेकिंग अभियान जारी रहेंगे, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।
.jpg)