मोहनलालगंज/लखनऊ । मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के जबरौली गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक अधेड़ व्यक्ति ने साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 50 वर्षीय दयाशंकर पुत्र नन्हे राम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
सूचना पर मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजनों ने शव को नीचे उतारकर सुरक्षित रखा था। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
ग्रामीणों के अनुसार दयाशंकर नशे का आदी था और कोई स्थायी कार्य नहीं करता था। वह अक्सर मांगकर जीवन यापन करता था, जिससे वह मानसिक तनाव में रहता था। हालांकि पुलिस आत्महत्या के पीछे के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस ने नियमानुसार पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मोहनलालगंज पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
.jpg)