Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए सख्त निर्देश


पीलीभीत। जिलाधिकारीं ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना जहानाबाद में व्यापक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी स्वयं थाना परिसर में उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लिया। जनसुनवाई में राजस्व, पुलिस तथा अन्य विभागों से संबंधित विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें भूमि विवाद, आपसी रंजिश, पैमाइश, कब्जा, मारपीट सहित अन्य स्थानीय समस्याएं प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य जनता को त्वरित और निष्पक्ष न्याय दिलाना है, इसलिए किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए।

उन्होंने आपसी विवादों से जुड़ी शिकायतों के संबंध में निर्देश दिए कि संबंधित क्षेत्र के लेखपाल एवं पुलिस कर्मियों की संयुक्त टीम मौके पर जाकर तत्काल जांच करे और दोनों पक्षों को बुलाकर पारदर्शी तरीके से समस्या का समाधान सुनिश्चित कराए। जिलाधिकारी ने थाना प्रभारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त समस्त शिकायतों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर निस्तारण किया जाए तथा किसी भी दशा में कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रखी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता को संतुष्टि मिलना निस्तारण की वास्तविक कसौटी है, केवल औपचारिक कार्रवाई से काम नहीं चलेगा। जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए थानाध्यक्ष को निर्देश दिए कि सभी ऑनलाइन शिकायतों का गुणवत्तापरक, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को फोन अथवा अन्य माध्यम से समाधान की जानकारी भी दी जाए। इसके साथ ही उन्होंने थाना जहानाबाद के इंट्री प्वाइंट के आसपास सड़क किनारे पड़े कूड़े के ढेरों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कूड़ा हटवाने और नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को स्वच्छ वातावरण मिल सके। थाना समाधान दिवस के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर नताशा गोयल, थानाध्यक्ष जहानाबाद, संबंधित लेखपाल एवं अन्य पुलिस अधिकारीगण उपस्थित रहे। अधिकारियों ने जिलाधिकारी को भरोसा दिलाया कि प्राप्त सभी शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण कराते हुए शासन की मंशा के अनुरूप जनता को राहत पहुंचाई जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |