पीलीभीतः संघ के स्वर्णिम शताब्दी वर्ष पर विराट हिन्दू सम्मेलन व जनजागरण कार्यक्रमों की घोषणा! 7 जनवरी को गांधी स्टेडियम से निकलेगी जनजागरण बाइक रैली, वर्षभर होंगे सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजन
January 05, 2026
पीलीभीत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वर्णिम शताब्दी वर्ष के अवसर पर माता यशवंतरी देवी मंदिर हिन्दू सम्मेलन समिति द्वारा विराट हिन्दू सम्मेलन एवं जनजागरण कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसकी जानकारी विभाग संघचालक ओमप्रकाश एवं नगर संघचालक प्रदीप नवरंग ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।उन्होंने बताया कि संघ का शताब्दी वर्ष केवल उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति को सशक्त करने का संकल्प है। इसी क्रम में जनजागरण की तीसरी कड़ी के रूप में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में किया जाएगा।कार्यक्रम का शुभारंभ 7 जनवरी, बुधवार को प्रातः 11 बजे गांधी स्टेडियम से जनजागरण बाइक रैली के माध्यम से होगा। रैली गांधी स्टेडियम से शुरू होकर थाना सुनगढ़ी, नई बस्ती चैराहा, काला मंदिर, लेखराज चैराहा, बरेली गेट, ड्रमंडगंज चैराहा, चावला चैराहा, गैस चैराहा, मोहल्ला नखासा, देश नगर होते हुए माता यशवंतरी देवी मंदिर प्रांगण में संपन्न होगी। रैली के दौरान पत्रक वितरण कर जनजागरण का संदेश दिया जाएगा।प्रेस वार्ता में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। सामाजिक समरसता सप्ताह 6 से 20 मार्च तक, प्रमुख जन गोष्ठी 1 से 10 अप्रैल तक, बालकुंभ 15 से 30 अप्रैल तक, युवा संवाद 15 से 30 अगस्त तक तथा शाखा विस्तार एवं व्यक्ति निर्माण कार्यक्रम 25 सितंबर से 5 अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे।वक्ताओं ने कहा कि संघ 101 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूर्ण कर रहा है, जो समाज के हर वर्ग को जोड़ते हुए राष्ट्र को एकजुट करने का कार्य कर रही है। यह शताब्दी वर्ष सेवा, समर्पण और संकल्प का प्रतीक है।इस दौरान स्वतंत्र देवल, जगदीश सक्सेना, अंशुमान तिवारी, अमित गुप्ता, नरेश वर्मा एवं राकेश मौर्य उपस्थित रहे।
