लखीमपुर खीरी। महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर मनाए जा रहे शहीद दिवस के अवसर पर सीएमओ ऑफिस सभागार में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए।इस अवसर पर सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य, अहिंसा, समानता और मानव सेवा के प्रतीक थे। उन्होंने समाज से भेदभाव मिटाने और हर व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन देने का संदेश दिया। गांधी जी का मानना था कि किसी भी बीमारी से पीड़ित व्यक्ति के साथ तिरस्कार नहीं, बल्कि सहानुभूति और सेवा का भाव होना चाहिए। उनका बलिदान देशवासियों को सदैव एकता, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देता रहेगा।डॉ. गुप्ता ने बताया कि शहीद दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 30 जनवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 तक जनपद में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य लोगों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक करना, भ्रांतियों को दूर करना और समय पर उपचार के लिए प्रेरित करना है। इस वर्ष कार्यक्रम का संदेश है कि “जल्द इलाज, विकलांगता से बचाव” तथा “भेदभाव समाप्त कर गरिमा सुनिश्चित करें।उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग एक जीवाणुजनित बीमारी है और यह पूरी तरह से उपचार योग्य है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर इसकी दवाएं (एमडीटी) निशुल्क उपलब्ध हैं। शरीर पर हल्के रंग के सुन्न धब्बे, हाथ-पैरों में कमजोरी या सुन्नता, नसों में दर्द, त्वचा पर चकत्ते या गांठ जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए। समय पर इलाज से विकलांगता से बचा जा सकता है।
सीएमओ ने यह भी स्पष्ट किया कि कुष्ठ रोग को लेकर समाज में फैली कई भ्रांतियां निराधार हैं। यह छूने या साथ बैठने से आसानी से नहीं फैलता और उपचार शुरू होते ही संक्रमण का खतरा काफी कम हो जाता है। इसलिए मरीजों से भेदभाव न करें, बल्कि उन्हें सहयोग और सम्मान दें। जागरूकता अभियान के दौरान स्वास्थ्य टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को रोग के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी देंगी। इस दौरान जिलाधिकारी के निर्देश पर कुष्ठ रोग को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों व आम जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से एक प्रतिज्ञा दिलाई गई।इस दौरान कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. एसपी मिश्रा ने भी कुष्ठ रोग को लेकर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. आरएम गुप्ता, डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद वर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. धनीराम भार्गव, डीएमओ हरिशंकर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
