आगरा। किरावली स्थित रामलीला मैदान में रविवार को जन लोक सेवा दल की भव्य महारैली का आयोजन किया गया। रैली का शंखनाद जन लोक सेवा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनेश ठाकुर ने किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे, जिससे मैदान कार्यकर्ताओं के जोश और उत्साह से भर गया। महारैली को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष विनेश ठाकुर ने हुंकार भरते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जन लोक सेवा दल प्रदेश में सरकार बनाएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री पद की दावेदारी का भी ऐलान किया और कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि सभी कार्यकर्ता अनुशासन में रहकर एकजुटता के साथ काम करें तो जन लोक सेवा दल को सत्ता में आने से कोई नहीं रोक सकता।
विनेश ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी का उद्देश्य प्रदेश की जनता को उनका हक और न्याय दिलाना है। उन्होंने भरोसा जताया कि जन लोक सेवा दल आमजन की आवाज बनकर हर वर्ग के हितों की रक्षा करेगा।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। उन्हें 51 किलो फूलों की माला पहनाई गई और पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया गया। महारैली में मौजूद हजारों कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में नारेबाजी की और आगामी चुनावों के लिए उत्साह का प्रदर्शन किया।
