पीलीभीत। नववर्ष के जश्न को शांति और सुरक्षा के साथ मनाने के लिए पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि नए साल के अवसर पर कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जो लोग शराब के नशे में उत्पात करेंगे, महिलाओं से छेड़छाड़ करेंगे या सार्वजनिक शांति भंग करने की कोशिश करेंगे, उनकी सीधे कानूनी कार्रवाई होगी और उन्हें जेल की राह देखनी पड़ेगी।
पुलिस ने नए साल को लेकर जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस की निगरानी सख्त कर दी गई है। नववर्ष को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए जिलेभर में लगभग 200 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें से कई पुलिसकर्मी सादी वर्दी में होटल, ढाबों, शराब की दुकानों, पार्कों और पिकनिक स्पॉट पर विशेष नजर रखेंगे।
31 दिसंबर की शाम 6 बजे से लेकर 1 जनवरी की रात 2 बजे तक जिले के होटल, ढाबे, धर्मशालाएं, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सिनेमा हॉल और प्रमुख बाजारों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। संवेदनशील और व्यस्त मार्गों पर बैरियर लगाए जाएंगे और वायरलेस सेट से लैस पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा, डायल 112 की गाड़ियां लगातार भ्रमण करेंगी और किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेंगी।मुख्य स्थानों पर पुलिस की विशेष उपस्थिति
शहर के नौगवां चैराहा, आसाम चैराहा, डिग्री कॉलेज चैराहा, छतरी चैराहा, गौहनियां, गैस चैराहा, नकटादाना चैराहा, रेलवे स्टेशन तिराहा, रोडवेज, सुनहरी मस्जिद चैराहा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस पिकेट लगाए गए हैं। हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जाएगी और किसी भी असामान्य गतिविधि को तुरंत रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी।
पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नए साल के नाम पर अराजकता, उत्पात या सार्वजनिक शांति भंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि नववर्ष का स्वागत शांति, सुरक्षा और सौहार्द के साथ हो, ताकि आम नागरिक निश्चिंत होकर अपने परिवार और मित्रों के साथ जश्न मना सकें।इस दौरान पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें, किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और शराब के नशे में उत्पात करने वालों से दूरी बनाकर रखें। पुलिस की यह तैयारी नववर्ष के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह रणनीतिक और व्यवस्थित है। पुलिस की यह सख्ती यह सुनिश्चित करेगी कि जिले में नए साल का जश्न शांति और सुरक्षा के साथ सफलतापूर्वक मनाया जा सके।
