पीलीभीत। गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने मंगलवार को अपने जनसहयोग कार्यालय पर भाजपा के दिवंगत पूर्व प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) स्वर्गीय भावनी सिंह की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राज्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने स्वर्गीय भावनी सिंह का स्मरण करते हुए कहा कि वे एक कुशल संगठक और प्रेरणादायी मार्गदर्शक थे। संगठन के प्रति उनका पूर्ण समर्पण और निष्ठा भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रही है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सिंह का नेतृत्व, संगठन कौशल और कार्यकर्ताओं के प्रति उनका स्नेह आज भी हम सभी के लिए अनुकरणीय है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर संगठन को और मजबूत करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर कार्यालय प्रभारी सुनील मिश्रा, मीडिया प्रभारी ऋषिराम श्रीवास्तव, भाजपा नगर महामंत्री अमरीष शर्मा, नगर भाजपा मंत्री ओमकार मौर्य (ओपी), विजय शाही, मंडल अध्यक्ष अनीता कश्यप सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय भावनी सिंह के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
