Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

नगर निगम मुरादाबाद की बहुआयामी कार्यवाही: स्वान नियंत्रण से लेकर स्वच्छता और जनसुविधाओं तक सशक्त पहल


मुरादाबाद(विधान केसरी)। दिव्यांशु पटेल एक ऐसा नाम जो ज़मीनी कार्यवाही, संवेदनशील प्रशासन और जनहित को प्राथमिकता देने की सोच का प्रतीक बन चुका है। नगर आयुक्त के निर्देशों के क्रम में दिव्यांशु पटेल की सक्रिय भूमिका से नगर निगम मुरादाबाद की कार्यशैली में नई ऊर्जा और प्रभावशीलता दिखाई दे रही है। चाहे स्वान जनसंख्या नियंत्रण जैसी संवेदनशील पहल हो, स्वच्छता को लेकर जन-जागरूकता अभियान हो या फिर पेयजल, सड़क और नागरिक सुविधाओं से जुड़े त्वरित समाधान नगर आयुक्त श्री पटेल हर मोर्चे पर योजनाबद्ध, मानवीय और परिणामोन्मुख कार्यप्रणाली के साथ नज़र आते हैं। उनकी कार्यशैली में प्रशासनिक दृढ़ता के साथ-साथ जनसरोकार और करुणा का संतुलन साफ झलकता है, जो मुरादाबाद को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में मजबूत आधार तैयार कर रहा है।
बुधवार को भी नगर आयुक्त के दिशा निर्देशन में नगर निगम की टीम द्वारा महानगर में जनसुरक्षा, स्वच्छता, पशु कल्याण एवं नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक कार्यवाही की गई।

 स्वान जनसंख्या नियंत्रण की सतत और मानवीय पहल
महानगर में बढ़ती आवारा स्वान (कुत्तों) की संख्या को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम द्वारा एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) कार्यक्रम के अंतर्गत योजनाबद्ध कार्यवाही की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य न केवल अनियंत्रित स्वान जनसंख्या पर रोक लगाना है, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा, स्वच्छता व्यवस्था और पशु कल्याण के बीच संतुलन बनाए रखना भी है। बुधवार को नगर निगम की विशेष टीम द्वारा सिविल लाइन्स, मझोला, नई बस्ती, कटघर एवं दिल्ली रोड क्षेत्र से कुल 53 स्वान (29 नर एवं 24 मादा) को पकड़कर एबीसी सेंटर लाया गया। सभी स्वानों का चिकित्सकीय परीक्षण कर उनकी नसबंदी की गई तथा एंटी-रेबीज टीकाकरण भी कराया गया।
नसबंदी के उपरांत स्वानों को तीन दिन की चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है। पूर्णतः स्वस्थ होने पर उन्हें उनके मूल क्षेत्रों में पुनः छोड़ा जाएगा, जिससे पारिस्थितिक संतुलन बना रहे।।यह संपूर्ण कार्यवाही भारतीय पशु कल्याण बोर्ड एवं पशु जन्म नियंत्रण नियमावली 2023 के अनुरूप मानवीय दृष्टिकोण के साथ संपन्न की जा रही है।

 स्वच्छता ऐप और जन-जागरूकता अभियान
दूसरी ओर नगर निगम की अनुबंधित आईईसी टीम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता ऐप डाउनलोड एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। वार्ड 18 (हरथला) में न्यू सेंटर कंप्यूटर इंस्टीट्यूट एवं विल सोनिया डिग्री कॉलेज के छात्रों और शिक्षक स्टाफ को स्वच्छता ऐप की जानकारी देकर ऐप डाउनलोड कराया गया। वार्ड 26 में नागरिकों को खुले में शौच न करने, येलो स्पॉट न बनने देने तथा कूड़ा गीला-सूखा अलग कर निगम वाहन को देने के लिए जागरूक किया गया। वार्ड 08 (झांझनपुर) के आदर्श ग्रामीण विद्यालय तथा वार्ड 34 (रामगंगा विहार) स्थित शांतिनिकेतन इंटर स्कूल एवं विशाल सरस्वती विद्या मंदिर में छात्रों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्वच्छता ऐप और शिकायत निवारण प्रणाली की जानकारी दी गई।

 निर्माण और जलकल विभाग की कार्यवाही
निर्माण विभाग द्वारा महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में अलाव जलाने, सड़क मरम्मत, नाला-नाली मरम्मत, ड्रेन कवरिंग एवं मलबा-मिट्टी उठाने जैसे आवश्यक कार्य कराए गए। जलकल विभाग द्वारा वार्ड संख्या 43, 30, 17, 28, 18, 20, 44 एवं 57 में पेयजल पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत कराई गई। इसके साथ ही वार्ड 18 में पाइपलाइन वॉशआउट का कार्य भी संपन्न कराया गया।

 नागरिकों से अपील
नगर निगम मुरादाबाद ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वच्छता ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करें, अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, कूड़ा निर्धारित वाहन को ही दें और नगर निगम के प्रयासों में सहयोग कर मुरादाबाद को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर शहर बनाने में भागीदार बनें।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |