रामनगर/ बाराबंकी । युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग द्वारा यूनियन इंटर कॉलेज रामनगर में आयोजित विधानसभा स्तरीय ग्रामीण खेल लीग के अंतर्गत विधायक खेल स्पर्धा का दूसरा दिवस मंगलवार को पूरे उत्साह और जोश के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में ग्रामीण अंचल के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने शॉट पुट, कुश्ती और भारोत्तोलन जैसी खेल विधाओं में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।खेल स्पर्धाओं का आयोजन जूनियर, सब-जूनियर एवं सीनियर आयु वर्गों में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया। कुश्ती प्रतियोगिता में बलबीर, अनुराग, सुधीर, रवि, अंकुल, मुरारी, सत्यम एवं राजन ने अपने-अपने वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजय हासिल की। मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
भारोत्तोलन प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने अपनी शक्ति और तकनीक का बेहतरीन परिचय दिया। 55 किलोग्राम भार वर्ग में आलोक और शोभित विजेता बने। 61 किलोग्राम वर्ग में अतिभव और बलबीर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 67 किलोग्राम भार वर्ग में आदित्य और 81 किलोग्राम भार वर्ग में आयुष गुप्ता ने जीत दर्ज कर अपनी प्रतिभा साबित की।प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और युवाओं में खेलों के प्रति रुचि विकसित होती है।कार्यक्रम के सफल संचालन में कार्यक्रम प्रभारी अपूर्वा कोचर, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विकास तिवारी, साक्षी सिंह, भूमिका सचान, रश्मि त्रिपाठी, ब्लॉक व्यायाम प्रशिक्षक रजनीश कुमार सिंह, खेल अनुदेशक रंजीत कुमार सहित प्रदीप, संदीप, पंकज, रामानंद, अंजनी, धर्मेंद्र, विनय, अरविंद यादव, सत्येंद्र, मलखान, पीआरडी स्वयंसेवक काशीराम व राम कुमार तथा सफाई कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।
