बाराबंकी: मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, फर्जी व मृतकों के नाम हटाने की मांग
December 30, 2025
सूरतगंज/ बाराबंकी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के बाद भी सूरतगंज पंचायत की मतदाता सूची में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। आरोप है कि सैकड़ों मृतकों व स्थानांतरित (शिफ्टेड) मतदाताओं के नाम सूची से नहीं हटाए गए हैं, वहीं कई मतदाताओं के नाम दो-दो व तीन-तीन वार्डों में दर्ज पाए गए हैं। इसको लेकर कस्बा निवासी रिजवान अहमद ने उपजिलाधिकारी रामनगर को प्रार्थना पत्र देकर फर्जी नाम हटाने की मांग की है। एसडीएम ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।रिजवान अहमद ने मंगलवार को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान चार बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई थी, इसके बावजूद सैकड़ों मृतकों के नाम सूची से नहीं हटाए गए। इसके साथ ही कई ऐसे मतदाताओं के नाम भी सूरतगंज की वोटर लिस्ट में दर्ज हैं, जो लखनऊ, सीतापुर सहित सिरौलीगौसपुर ब्लॉक की हजरतपुर पंचायत, फतेहपुर ब्लॉक की गंगचैली व संसीपुर, निंदुरा ब्लॉक के मोहसड़ तथा सूरतगंज ब्लॉक की बल्लोपुर, फूलपुर, विझला, कुड़ेलवा, रुहेरा, रिछली, बसंतपुर, बैरानामऊ, मंझारी सहित अन्य ग्राम पंचायतों में निवास करते हैं।आरोप है कि पहले से दर्ज नामों के अलावा सैकड़ों लोगों के नाम दो से तीन वार्डों में दर्ज हैं, जिन्हें भी बिना विलोपन के ही छोड़ दिया गया है। रिजवान अहमद ने उपजिलाधिकारी से मृतकों व फर्जी मतदाताओं के नाम तत्काल मतदाता सूची से हटवाने की मांग की है।इस संबंध में उपजिलाधिकारी रामनगर ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
.jpg)