Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः जल जीवन मिशन में लापरवाही उजागर, गजरौला कला की सड़कें बदहाल! ग्रामीणों का आरोप ठेकेदार की मनमानी से बढ़ी परेशानी, जांच व कार्रवाई की मांग


पीलीभीत । जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में पाइपलाइन बिछाने का कार्य ग्रामीणों के लिए सुविधा के बजाय मुसीबत बनता जा रहा है। गजरौला कला मुस्तकिल में ठेकेदार की कथित मनमानी और घोर लापरवाही के चलते गांव की कई सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। जगह-जगह खोदी गई सड़कों को लंबे समय से दुरुस्त न किए जाने के कारण ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।ग्रामीणों का कहना है कि लगभग चार वर्ष पूर्व गांव की मुख्य सड़क को पाइपलाइन डालने के नाम पर खोद दिया गया था, लेकिन आज तक उसका समुचित पुनर्निर्माण नहीं कराया गया। हालात यह हैं कि समय के साथ सड़क और अधिक जर्जर हो चुकी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाल ही में जो कुछ मुख्य सड़कें बची थीं, उन्हें भी दोबारा खोदकर गड्ढों में तब्दील कर दिया गया, जबकि विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार खुदाई के बाद एक सप्ताह के भीतर सड़क को पूर्व स्थिति में बहाल किया जाना था।ग्रामीणों के अनुसार एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सड़कों की मरम्मत नहीं की गई है। परिणामस्वरूप गांव में आवागमन बेहद कठिन हो गया है। गड्ढों से भरी सड़कों पर रोजाना दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। विशेषकर स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश या अंधेरे के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है।ग्रामीणों ने ठेकेदार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मानकों को ताक पर रखकर कार्य कराया गया है और सड़क मरम्मत के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। साथ ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों पर भी उदासीनता और मिलीभगत का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए,ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा तत्काल प्रभाव से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कर उन्हें आवागमन योग्य बनाया जाए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |