पीलीभीतः पोषण कार्यक्रम व टीकाकरण में शत-प्रतिशत लक्ष्य के निर्देश! वजन मशीन व माप उपकरणों की कमी शीघ्र दूर होगी- डीएम
December 31, 2025
पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में गांधी सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में बाल विकास विभाग के मासिक कार्यों की समीक्षा के साथ जनपद के पोषण कार्यक्रम पर बिन्दुवार चर्चा की गई।जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा प्रस्तुत पावर प्वाइंट प्रेजेन्टेशन में कई आंगनबाड़ी केन्द्रों पर वजन मशीन, स्टेडियोमीटर व इन्फैन्टोमीटर की अनुपलब्धता की जानकारी दी गई। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऐसे सभी केन्द्रों की सूची उपलब्ध कराई जाए तथा विभिन्न विभागों के सहयोग से उपकरणों की कमी शीघ्र पूरी की जाए।ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस पर टीकाकरण सत्रों में लाभार्थियों की कम उपस्थिति पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को ग्राम प्रधानों के सहयोग से महिलाओं व बच्चों को सत्र स्थल तक लाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी को भी ग्राम प्रधानों को इस कार्य में सक्रिय सहयोग हेतु निर्देशित करने को कहा गया। डीएम ने स्पष्ट किया कि जनपद में शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।चेहरा प्रमाणीकरण के माध्यम से पुष्टाहार वितरण में जनपद की प्रगति की सराहना करते हुए डीएम ने शत-प्रतिशत वितरण फेस ऑथेंटिकेशन से कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सेविकाओं को केन्द्रों के नियमित निरीक्षण व निरक्षर महिलाओं की साक्षरता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, प्रभारी अधिकारी एनआरसी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
