अमेठीः तहसील गौरीगंज सभागार में आयोजित हुआ किसान दिवस! किसानों की समस्याएं सुनी गईं और मौके पर ही दिए गए निस्तारण के निर्देश
December 17, 2025
अमेठी। शासन की मंशा के अनुरूप तहसील गौरीगंज सभागार में माह के तृतीय बुधवार को जिलाधिकारी के निर्देशानुसार किसान दिवस का आयोजन उपनिदेशक कृषि सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। किसान दिवस में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों द्वारा अधिक विद्युत बिल, आवारा पशुओं द्वारा फसल नष्ट करने, डॉक्टर द्वारा फोन ना उठाए जाने, नहर व ड्रेन की सिल्ट सफाई किए जाने, पशु बीमा, कृषक भ्रमण की सूचना समस्त किसानों को उपलब्ध न कराए जाने, धान खरीद तथा नियमानुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराए जाने संबंधी समस्याओं व सुझावों को गंभीरता से उठाया गया, जिनको लेकर मौके पर ही उनके समाधान हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान किसानों को शासन द्वारा संचालित नंदिनी योजना, मुख्यमंत्री कोष संवर्धन योजना के साथ-साथ विभिन्न विभागों की संचालित योजनाओं व कार्यक्रमों के साथ ही उर्वरक रसायन, खरपतवार नियंत्रण, कीटनाशक के प्रयोग के साथ ही कृषक जिज्ञासाओं तथा अन्य विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। उन्हें जैविक व प्राकृतिक खेती के लाभों के साथ-साथ आधुनिक तकनीकों के माध्यम से उन्नत खेती करने के सुझाव भी दिए गए। कृषि विज्ञान केंद्र कठौरा के कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को फसल सुरक्षा, कीट एवं चूहे नियंत्रण, तथा फसल उत्पादन बढ़ाने के उपायों पर व्यावहारिक जानकारी दी गई। इस अवसर पर जनपद के प्रगतिशील किसानों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि कैसे उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ लेकर खेती में नवाचार किया और अच्छा लाभ अर्जित किया। उन्होंने अन्य किसानों से भी इन योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। किसान दिवस में जिला कृषि अधिकारी राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई, नलकूप, विद्युत विभाग के अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित रहे।
