बाराबंकी: जिले की आर्थिक धड़कन तेज करने का डीएम का आह्वान ! युवाओं व किसानों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
December 30, 2025
बाराबंकी । कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में जिला सलाहकार समिति (डीएलसीसीध्डीसीसी) की तिमाही बैठक जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में भावनात्मक व उद्देश्यपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक में आर्थिक प्रगति, युवाओं के भविष्य और किसानों की मजबूती को केंद्र में रखकर महत्वपूर्ण मंथन किया गया।बैठक की शुरुआत बैंकवार ऋण-जमानुपात (सीडी रेश्यो) की समीक्षा से हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि जिले को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाना है तो बैंकों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में सीडी रेश्यो बढ़ाने के लिए सभी बैंक निरंतर और प्रभावी प्रयास करें। जिन बैंकों का सीडी रेश्यो 50 प्रतिशत से कम पाया गया, उनके जोनल मैनेजरों को पत्र भेजने के निर्देश अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को दिए गए।मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना को युवाओं के सपनों से जोड़ते हुए जिलाधिकारी ने इसे मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल ऋण वितरण नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का माध्यम है। उन्होंने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि इस योजना के तहत प्राप्त आवेदनों पर त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा स्वरोजगार की राह पर आगे बढ़ सकें।किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज, ओडीओपी तथा अन्य रोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब तक अंतिम व्यक्ति तक आर्थिक सहयोग नहीं पहुंचेगा, तब तक समावेशी विकास अधूरा रहेगा।बैठक में प्रदेश सरकार के वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति में बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों की भूमिका निर्णायक है। उन्होंने औद्योगिक निवेश, एमएसएमई, स्टार्ट-अप, स्वरोजगार योजनाओं और प्रायोरिटी सेक्टर लेंडिंग के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया, ताकि बाराबंकी जनपद प्रदेश की आर्थिक मजबूती में अपनी सशक्त भूमिका निभा सके।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन, सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का संदेश स्पष्ट था ,यदि बैंक, प्रशासन और योजनाएं एकजुट होकर काम करें, तो बाराबंकी का हर युवा, हर किसान और हर परिवार आर्थिक रूप से सशक्त बन सकता है।
