सिरौलीगौसपुर/ बाराबंकी। खंड विकास अधिकारी संजीव गुप्ता ने शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में एक बैठक आयोजित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 दिसंबर को लखनऊ में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एडीओ पंचायत मनोज मिश्रा भी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान बीडीओ संजीव गुप्ता ने ब्लॉक क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर को लखनऊ के बसंतकुंज योजना क्षेत्र में निर्मित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ के लोकार्पण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में सिरौलीगौसपुर ब्लॉक क्षेत्र से हजारों लोग भाग लेंगे।बीडीओ ने पंचायत सचिवों सहित सभी ब्लॉक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में जाने वाले लोगों के लखनऊ तक पहुंचने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ग्राम प्रधानों से समन्वय स्थापित कर लोगों को उपलब्ध साधनों में बैठाने, समय पर रवाना करने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा।
बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों के अलावा अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी जयराम बाल्मीकि, अखिलेश वर्मा, कुलदीप वर्मा, सतीश वर्मा, राजेश कुमार रावत, मनीष शुक्ला, वीरेन्द्र तिवारी, आशीष, रवि रावत, तेजभान वर्मा, ज्योति चैहान, सुरेश चंद्र यादव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
