बाराबंकी । विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभिया के अंतर्गत मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत हैं । बुधवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शतप्रतिशत मैपिंग कार्य पूर्ण करने वाले 49 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।जिलाधिकारी ने कहा कि इन बीएलओ ने अपने-अपने क्षेत्रों में 100 प्रतिशत मैपिंग का लक्ष्य समय से पहले पूरा कर अभियान को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान की है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया जा चुका है, जो कर्मठता, समर्पण और टीम वर्क का प्रमाण है।इस अवसर पर डीएम ने बीएलओ से आह्वान किया कि वे इसी निष्ठा, जिम्मेदारी और दक्षता के साथ आगे भी कार्य करते रहें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण केवल एक प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि लोकतंत्र को सुदृढ़ करने और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान है।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सम्मानित बीएलओ के साथ संवाद किया। संवाद में बीएलओ ने फील्ड स्तर पर आ रही व्यवहारिक चुनौतियों, मतदाता जागरूकता बढ़ाने के अनुभवों और कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े सुझाव साझा किए। जिलाधिकारी ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें आगामी कार्ययोजना में शामिल करने का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयास, बेहतर समन्वय और निरंतर परिश्रम से जनपद न केवल निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करेगा, बल्कि मतदाता सूची शुद्धिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्टता की नई मिसाल भी कायम करेगा।
