Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

मुरादाबाद के विकास को मिलेगी नई रफ्तार 1146.49 करोड़ का ऐतिहासिक बजट ध्वनिमत से पारित

कार्यकारणी समिति की बैठक लेते महापौर विनोद अग्रवाल और नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल

सनेश ठाकुर
मुरादाबाद (विधान केसरी)। नगर निगम मुरादाबाद की कार्यकारिणी समिति की एक अत्यंत महत्वपूर्ण, निर्णायक एवं ऐतिहासिक बैठक सोमवार, 22 दिसम्बर 2025 को भव्य एवं सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महापौर श्री विनोद अग्रवाल एवं नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने की। इस अवसर पर कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्य, अपर नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, लेखाधिकारी, उप नगर आयुक्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सहित नगर निगम के समस्त वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।।बैठक में महानगर मुरादाबाद के समग्र, सतत एवं नागरिक-केंद्रित विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से 1146.49 करोड़ रुपये (114649.39 लाख रुपये) के ऐतिहासिक बजट को ध्वनिमत से पारित किया गया। यह बजट न केवल आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करेगा, बल्कि मुरादाबाद को एक आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और सांस्कृतिक पहचान से युक्त महानगर के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

कर वसूली में रिकॉर्ड, वित्तीय स्थिति सुदृढ़
बैठक में बताया गया कि नगर निगम मुरादाबाद ने गृहकर एवं जलकर वसूली में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। वर्तमान में मुरादाबाद प्रदेश के शीर्ष तीन नगर निगमों में शामिल हो गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में नवंबर 2025 तक लगभग 91 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक वसूली नगर निगम की पारदर्शी कार्यप्रणाली एवं नागरिक सहयोग का प्रमाण है।

सड़कें बनेंगी विकास की मजबूत धमनियाँ
महानगर में सड़क निर्माण, मरम्मत, नाली एवं नाला निर्माण, इंटरलॉकिंग और सीसी सड़कों के लिए व्यापक बजट स्वीकृत किया गया। इससे यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और वर्षों से चली आ रही नागरिक समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा।

जलकल विभाग को नई मजबूती
शहरवासियों को शुद्ध एवं निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जलकल विभाग के अंतर्गत पाइपलाइन सुधार, जलापूर्ति सुदृढ़ीकरण तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष बजट पारित किया गया।

रोशन होगा मुरादाबाद, बढ़ेगी सुरक्षा
पथ प्रकाश व्यवस्था के अंतर्गत नई स्ट्रीट लाइटें, खराब लाइटों का प्रतिस्थापन एवं ऊर्जा दक्ष प्रकाश व्यवस्था के लिए बजट स्वीकृत किया गया। इससे रात्रिकालीन सुरक्षा के साथ-साथ शहर के सौंदर्य में भी वृद्धि होगी।

संस्कृति को मिलेगा राष्ट्रीय पहचान का मंच
 22 से 26 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले भव्य साहित्य सम्मेलन के लिए 2 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया। यह आयोजन मुरादाबाद को साहित्य, संस्कृति एवं बौद्धिक विमर्श के राष्ट्रीय मानचित्र पर सशक्त पहचान दिलाएगा।

सस्ता मनोरंजन, परिवारों को राहत
नगर निगम द्वारा संचालित 3डी मोशन चेयर की टिकट दरों में ऐतिहासिक कमी की गई। सामान्य टिकट 100 रुपये से घटाकर 50 रुपये तथा कंपनी बाग में टिकट दर 50 रुपये से घटाकर 20 रुपये कर दी गई, जिससे बच्चों, युवाओं और परिवारों को सस्ता एवं गुणवत्तापूर्ण मनोरंजन मिलेगा।

भूतपूर्व सैनिकों को सम्मान
देश की सेवा में जीवन समर्पित करने वाले भूतपूर्व सैनिकों को नगर निगम ने गृहकर एवं जलकर में 100 प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया। यह निर्णय नगर निगम की संवेदनशीलता और राष्ट्रभक्ति को दर्शाता है।

गोविंद नगर फुट ओवरब्रिज पर सख्त रुख
बैठक में वर्ष 2016-17 में गोविंद नगर फुट ओवरब्रिज के लिए नगर निगम द्वारा लगभग 6.31 करोड़ रुपये की धनराशि एवं लगभग 6 करोड़ मूल्य की भूमि उपलब्ध कराने के बावजूद रेलवे द्वारा कार्य पूर्ण न किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई। मुख्य अभियंता को रेलवे से तत्काल पत्राचार कर कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

किराये की दुकानों के किराये का पुनर्निर्धारण
नगर निगम की दुकानों के किराये के पुनर्निर्धारण हेतु गठित समिति की संस्तुतियों को स्वीकार किया गया। विभिन्न बाजारों के लिए ₹500, ₹400, ₹300, ₹250 और ₹200 प्रति वर्गमीटर मासिक किराया निर्धारित किया गया। साथ ही दुकानों के नामांतरण हेतु प्रीमियम एवं शुल्क का भी स्पष्ट निर्धारण किया गया, जिससे व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी।

नई सड़कों से खिलवाड़ पर सख्ती
टोरेंट गैस, विद्युत विभाग एवं जल निगम द्वारा नई सड़कों को क्षति पहुंचाने की शिकायतों पर  महापौर ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि दोषी एजेंसियों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और संबंधित एनओसी तत्काल निरस्त की जाएगी।

विकास की नई उड़ान
नगर निगम मुरादाबाद द्वारा स्वच्छता, आधारभूत ढांचा, जल, प्रकाश, सड़क, कचरा प्रबंधन एवं नागरिक सुविधाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। कार्यकारिणी बैठक में लिए गए निर्णय मुरादाबाद को विकास की नई उड़ान, विश्वास की नई पहचान और विजन 2047 की दिशा में निर्णायक रूप से आगे बढ़ाने वाले साबित होंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |