बीसलपुर। बाला देवी रोशन लाल कॉलेज ऑफ हायर एजुकेशन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के नियमित कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष शिविर व दो वर्ष में 240 घंटे की सेवा पूर्ण करने वाले 40 छात्रों तथा “छात्र पुलिस अनुभवात्मक अधिगम कार्यक्रम” के तहत कोतवाली बीसलपुर से प्रशिक्षण प्राप्त 10 छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पातंजलि गंगवार के निर्देशन में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बीसलपुर के एनएसएस जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुनीत कुमार साहनी तथा गणित विभाग के डॉ. रोहित पटेल उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. रत्नेश गंगवार भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
मुख्य अतिथियों ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है, जहां राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर छात्र अपने व्यक्तित्व में निखार ला सकते हैं। अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.पी. मौर्य ने सभी अतिथियों, कार्यक्रम अधिकारियों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम का समापन किया गया।
