पीलीभीत। विकास भवन स्थित गोमती सभागार में बुधवार को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रोशनी यादव की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।बैठक में किसानों को एग्रीस्टैक योजना, फार्मर रजिस्ट्री, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्रों पर अनुदान तथा पीएम-कुसुम (सोलर) योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं खुले रूप से रखीं।
किसानों ने बताया कि वर्तमान समय में गेहूं की बुवाई चल रही है, इसलिए डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इस पर जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में डीएपी खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और किसान अपनी जोत के अनुसार खाद खरीद सकते हैं।किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष सतविन्द्र सिंह कहलो ने कहा कि पीलीभीत बाईपास के उपरिगामी पुलों का निर्माण पूरा होने के बावजूद बाईपास शुरू नहीं हुआ है, जिससे गन्ना लदे वाहनों का दबाव शहर में बढ़ जाता है। बाईपास को तत्काल शुरू कराए जाने की मांग की गई। साथ ही गन्ना सेंटरों पर घटतौली की जांच कराने की आवश्यकता भी बताई गई।अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। विभिन्न विभागों से आए अधिकारियों ने किसानों को अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई।
कार्यक्रम के दौरान कोयम्बटूर, तमिलनाडु से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त के हस्तांतरण का लाइव प्रसारण भी किसानों को दिखाया गया।किसान दिवस में राम मिलन सिंह परिहार, उप कृषि निदेशकय रोहित भारती, जिला पंचायतराज अधिकारीय पंकज कुमार भारती, अधिशासी अभियंता विद्युतय नरेन्द्र पाल, जिला कृषि अधिकारीय खुशी राम, जिला गन्ना अधिकारीय और डॉ. पी.के. त्यागी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
