बाराबंकीः एमएलसी ने किया रिवर रैंचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ! घाघरा नदी में छोड़ी गईं दो लाख मछलियाँ
November 04, 2025
बाराबंकी। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत मंगलवार की शाम तहसील रामनगर स्थित घाघरा (सरयू) नदी के तट पर मत्स्य विभाग द्वारा रिवर रैंचिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदस्य विधान परिषद अंगद सिंह, ने अपने कर-कमलों से नदी में दो लाख मछलियों का अवतरण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी अंगद सिंह ने कहा कि मत्स्य पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आगे कहा पीएम मत्स्य संपदा योजना का उद्देश्य नदियों, तालाबों और जलाशयों में मत्स्य संसाधनों को बढ़ावा देना तथा मत्स्य व्यवसाय से जुड़े लोगों की आय में वृद्धि करना है।” उन्होंने कहा कि घाघरा नदी में छोड़ी गई दो लाख मछलियां न केवल पर्यावरण संरक्षण में योगदान देंगी बल्कि मत्स्य उत्पादन को भी प्रोत्साहित करेंगी।उन्होंने आगे कहा कि सरकार की यह योजना नदियों के प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। ऐसे रिवर रैंचिंग कार्यक्रम स्थानीय मत्स्य व्यवसाय को नई दिशा देंगे और मछुआरा समुदाय के लिए स्थायी रोजगार के अवसर सृजित करेंगे।मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नदी में विभिन्न प्रजातियों की मछलियां छोड़ी गईं ताकि जलज जीवों की संख्या बढ़े और प्राकृतिक संतुलन कायम रहे।इस मौके पर मत्स्य विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडे, आरक्षी सुजीत कुमार, सहित विभागीय कर्मचारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने नदी संरक्षण और मत्स्य संपदा के संवर्धन का संकल्प लिया।
