संग्रामपुर: सड़क हादसा! डीसीएम से आमने-सामने टक्कर, तीन की मौत
November 22, 2025
संग्रामपुर/अमेठी। कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुलेट सवार तीन दोस्तों की मौत हो गई। घटना रात लगभग 11 बजकर 50 मिनट पर थौरा गांव के पास हुई, जहां सामने से आ रही एक तेज रफ्तार डीसीएम ने बुलेट को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में महाराजपुर निवासी उत्कर्ष सिंह (32) और बजरंग सिंह (25) की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरा युवक अंशु सिंह (29) को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर चोटों की वजह से उसने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक तीनों युवक पीपरपुर थाना क्षेत्र के हारीपुर गांव में आयोजित एक बारात में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे देर रात बुलेट से अपने घर महाराजपुर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे थौरा गांव के मोड़ पर पहुंचे, सामने से आ रही डीसीएम ने नियंत्रण खोते हुए उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि आस-पास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना पर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क किनारे हटाया। थोड़ी ही देर में अमेठी कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डीसीएम वाहन को बरामद कर थाने में जमा कर लिया है। हालांकि चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी है और उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। तीनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही महाराजपुर गांव में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया है। मृतकों में दो अविवाहित बताए जा रहे हैं, जबकि एक विवाहित था। स्थानीय लोग हादसे को बेहद दर्दनाक बताते हुए प्रशासन से तेज रफ्तार भारी वाहनों पर लगाम लगाने, रात्रि गश्त बढ़ाने और मोड़ पर चेतावनी संकेत लगाने की मांग कर रहे हैं। अमेठी कोतवाली पुलिस ने बताया कि वाहन जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है, ताकि आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
