बाराबंकी। मोहम्मदपुर खाला थाना के चंदूरा गांव में महिला की मौत फांसी के फंदे पर लटकने से हुई थी। जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुई है। परिजनों और मोहम्मदपुर खाला पुलिस की लापरवाही से पोस्टमार्टम रविवार को हो सका। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने छह ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया था लेकिन रविवार देर शाम तक किसी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के चंदूरा गांव निवासी रमाकांत उर्फ उमाकांत मिश्रा के बेटे नितेश मिश्रा की शादी 4 दिसंबर 2024 को रामनगर थाना क्षेत्र के बिझलखा निवासी अवधशरण शुक्ला की बेटी चांदनी उर्फ सुषमा के साथ हुई थी। बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। कलह से परेशान चांदनी ने कमरे में फांसी के फंदे से लटक कर जान दे दी थी। शनिवार की सुबह ससुरालीजनों ने मायके पक्ष को चांदनी की हार्ट अटैक पड़ने से मौत होने की सूचना दी थी। लेकिन जब परिजन चंदूरा पहुंचे, तो चांदनी के गले पर रस्सी से कसने जैसे निशान देख उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसकी जानकारी उन्होंने डायल-112 पर दी।
सूचना पर मोहम्मदपुर खाला पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान फंदे से लटककर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई। सीओ फतेहपुर जगत राम कनौजिया ने घटनास्थल पहुंचकर निरीक्षण किया। नायब तहसीलदार तहजीब हैदर की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। बताया जाता है कि पोस्टमार्टम के लिए शव दोपहर में भेज दिया गया, लेकिन पुलिस की ओर से शनिवार की शाम दस्तावेज भेजे पोस्टमार्टम हाउस भेजे गए देर होने के कारण पोस्टमार्टम शनिवार की जगह रविवार को हो सका। पोस्टमार्टम में हैंगिंग की पुष्टि हुई है।
हालांकि मृतका के पिता अवधशरण शुक्ला की तहरीर पर मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने पति नितेश मिश्रा, उसके भाई सौरभ व छोटू मिश्रा, बहन नित्या उर्फ ज्योति, ससुर रमाकांत उर्फ उमाकांत मिश्रा, तथा चाची उमापति की पत्नी के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया लिया था, लेकिन रविवार की देर शाम तक किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी।
मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर एक लाख रुपये व सोने की चैन की मांग पूरी न करने पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया था।
प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्रा ने बताया कि चांदनी के शव के हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग की पुष्टि हुई है। मृतका के पिता की तहरीर पर कल ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं, शीघ्र ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
.jpg)