लखनऊ। सरोजिनी नगर क्षेत्र के गौरी बाजार में जलभराव और बदहाल सफाई व्यवस्था से स्थानीय निवासी बेहद परेशान हैं। ग्रामीणों व मकान मालिकों का कहना है कि वे पिछले कई महीनों से गंदे नाले, कचरे के अंबार और लगातार भरे रहने वाले गंदे पानी को लेकर शिकायतें दर्ज करा रहे हैं, लेकिन अब तक किसी भी प्रशासनिक विभाग द्वारा समस्या का समाधान नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घरों के सामने जमा गंदा पानी न केवल आवागमन में बाधा पैदा कर रहा है, बल्कि इससे बीमारियों का खतरा भी तेजी से बढ़ रहा है। पानी में प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा और बदबू के कारण बच्चों व बुजुर्गों का बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि वार्ड स्तर से लेकर नगर निगम तक कई बार शिकायतें दर्ज की गईं, लेकिन केवल आश्वासन ही मिले। “बार-बार आवेदन देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। यदि जल्द सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई, तो हम सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे,” एक निवासी ने बताया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नाला सफाई, पानी निकासी और नियमित स्वच्छता अभियान चलाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में फैल रही गंदगी और स्वास्थ्य जोखिमों पर रोक लग सके।
