राज्य के लोग एकनाथ शिंदे को एक बार फिर से राज्य का नेतृत्व करते हुए देखेंगे-दादा भुसे
November 28, 2025
महाराष्ट्र की राजनीति में बीते कुछ साल काफी उथल-पुथल वाले रहे हैं। ये उथल-पुथल अब भी रुकने का नाम नहीं ले रही है। महाराष्ट्र की सत्ता में बैठी महायुति गठबंधन के घटल दलों के बीच ही तनाव देखने को मिल रहा है। राज्य में आगामी निकाय चुनाव से पहले भाजपा और शिवसेना के बीच तल्खियां काफी ज्यादा बढ़ गई हैं। शिवसेना और बीजेपी एक-दूसरे के नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल करवा रहे हैं। इस बीच राज्य के मंत्री और शिवसेना के नेता दाद भुसे ने ऐसा बयान दे दिया है जिससे हर कोई हैरान है। मंत्री दादा भुसे ने कहा है कि एकनाथ शिंदे फिर से महाराष्ट्र का नेतृत्व करेंगे।
दरअसल, महाराष्ट्र सरकार के स्कूली शिक्षा मंत्री और शिवसेना के नेता दादा भुसे ने कहा है कि शिवसेना पार्टी के प्रमुख और वर्तमान में राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे को लोग फिर से राज्य का नेतृत्व करते हुए देखेंगे। बता दें कि दादा भुसे बुधवार को नंदुरबार में स्थानीय निकाय चुनावों के लिए रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान दादा भुसे ने कहा है कि एकनाथ शिंदे ऐसे मुख्यमंत्री रह चुके हैं जो लोगों के दिलों में बसते हैं। मंत्री दादा भुसे के इस बयान की काफी चर्चा हो रही है।
राज्य के स्कूली शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने नंदुरबार में लोगों को संबोधित करते हुए कहा- "अगर आप आज भी लोगों से पूछें कि उनके दिल में कौन सा मुख्यमंत्री है, तो वे कहेंगे कि एकनाथ जी शिंदे हैं। चिंता मत करिए। जो किस्मत में लिखा है, हम फिर से एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र का नेतृत्व करते हुए देखेंगे।"
रैली में दादा भुसे ने कहा है कि एकनाथ शिंदे महाराष्ट्र के ऐसे मुख्यमंत्री थे जो देर रात तक लोगों से मुलाकात करते थे और 20-22 घंटे काम किया करते थे। बता दें कि दादा भुसे का ये बयान ऐसे समय में सामने आया है जब महाराष्ट्र के आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले शिवसेना और भाजपा के बीच तल्खियां चरम पर हैं।