बांदाः अवैध रूप से खुलेआम बिक रही देशी शराब! वीडियो सोशल मीडिया में वायरल
October 23, 2025
बांदा। थाना गिरवां अंतर्गत ग्राम पंचायत स्योंढा में ग्राम प्रधान श्रीमती बदरुनिशा पत्नी अयूब खां के पुत्र इश्हाक खां द्वारा गांव में खुलेआम अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री कराये जाने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है। वायरल वीडियो को भारत कनेक्ट प्रमाणित नहीं करता है। वीडियो का संज्ञान आज तक थाना गिरवां पुलिस ने नहीं लिया है जबकि बिक्री स्थल से मात्र एक किलोमीटर पर अकबरपुर पुलिस चैकी है। गांव स्योंढा में स्योढ़ा - खानपुर रोड में कमरुद्दीन मेमोरियल इंटर कालेज से चंद कदम दूर लबे सड़क एक गुटखा की गुमटी पर बैठकर प्रधान पुत्र सरेआम देशी शराब अवैध रूप से बिकवाता है तथा शराब के शौकीन लोगों को वहीं पर बैठाकर शराब परोसी जाती है और शराब के खाली पैकेट बच्चों से दूर झाड़ी में फेंकवाये जाते हैं। बिक्री स्थल से चंद कदम दूर स्थित इंटर कालेज व डिग्री कालेज में व पंडित जवाहरलाल नेहरू इंटर कालेज गिरवां में पढ़ने वाले लड़के व लड़कियों का इसी रास्ते से आना जाना होता है फिर भी स्थानीय पुलिस धृतराष्ट्र बनी है, अवैध रूप से देशी शराब बेचने व पिलाने का ये कारोबार सालों से फल फूल रहा है और स्थानीय पुलिस प्रशासन बेखबर है। स्थानीय रहवासियों ने बताया कि ग्राम प्रधान के पुत्र लकड़ी कटान व बिक्री का अवैध कारोबार करते हैं और उनके लकड़ी कटान में काम करने वाले अधिकांश मजदूरों को उक्त गुमटी में शराब बेची व पिलाई जाती है तथा खुलेआम बेची जाती है। स्थानीय लोगों का कहना कि वे प्रधान पुत्र की सरपरस्ती में चल रहे इस अवैध शराबखाने से आजिज हैं बहन बेटियों का निकलना बैठना दूभर है यहां तक कि गुमटी के बगल से लगे सरकारी हैंडपंप से पानी भरना व निस्तार करना मुश्किल है। बताते चलें कि ग्राम प्रधान का उक्त पुत्र धारा 376 आईपीसी का चार्जशीटेड अभियुक्त है और इसकी मां के ग्राम प्रधान होने के कारण इसकी सरपरस्ती में इस अवैध शराब बिक्री पर कोई लगाम नहीं है। अब देखना यह है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर स्योंढा ग्राम प्रधान पुत्र की सरपरस्ती में दबंगई के बल पर अवैध रूप से खुलेआम हो रही शराब बिक्री पर थाना गिरवां पुलिस कार्यवाही कर शराब बिक्री रोक पायेगी या प्रधान पुत्र की दबंगई से गांव की गरीब जनता व बहन बेटियां यूं ही हलाकान रहेंगी। जब इस संबंध में थाना अध्यक्ष गिरवा से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि मामले को दिखाते हैं जानकारी नहीं है वायरल वीडियो की।
