पीलीभीत। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार शुक्रवार को नकटादाना स्थित केजीएन-2 सपा कार्यालय में भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल एवं महान समाजवादी चिंतक आचार्य नरेंद्र देव की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सपा जिला अध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान योद्धा, स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री थे। उन्होंने कहा कि पटेल एक साधारण कृषक परिवार से उठकर देश के सर्वोच्च नेतृत्व तक पहुंचे और अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति व दूरदृष्टि से देश की 562 रियासतों का एकीकरण कर भारत को एक अखंड राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। इसी कारण उन्हें ‘भारत का लौह पुरुष’ कहा गया। जिला अध्यक्ष ने बताया कि सरदार पटेल ने महात्मा गांधी से प्रेरणा लेकर खेड़ा एवं बारडोली सत्याग्रह का सफल नेतृत्व किया था, जिससे ब्रिटिश शासन को किसानों के आगे झुकना पड़ा। उनका जीवन त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा का प्रतीक रहा। मासिक बैठक का संचालन कर रहे सपा जिला महासचिव नफीस अहमद अंसारी ने कहा कि सरदार पटेल ने जिस तरह भारत को एकता के सूत्र में पिरोया, वह अद्वितीय उदाहरण है। साथ ही उन्होंने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव भारतीय समाजवाद के प्रखर चिंतक, स्वतंत्रता सेनानी और शिक्षाविद रहे, जिन्होंने समाजवाद और मानवता के आदर्शों को जीवनभर जिया। उन्होंने 1934 में कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और जयप्रकाश नारायण व डॉ. लोहिया जैसे नेताओं के सहयोगी बने।
इस अवसर पर सपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा कट्टर, बालकराम सागर, सपा युवजन सभा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार राजू, धनपति वर्मा एडवोकेट, हाजी अकबर अहमद अंसारी, काशीराम सरोज, अमित पाठक एडवोकेट, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष निरंजन कुमार गंगवार, बरखेड़ा महासचिव नरेश कुमार सागर, प्रशांत अवस्थी, डॉ. राममूर्ति गंगवार, महेश पटेल, महेश कश्यप, शुभम पटेल, रामू, अर्जुन भारती, धनपत मौर्य, जहीर, शेरा, मुनेंद्र पाल, सत्यपाल, महेश कुमार वर्मा, भगवानदास सहित तमाम समाजवादी कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र सेवा, समाजवाद और एकता के संकल्प के साथ किया गया।
