Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

पीलीभीतः लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर पीलीभीत में भव्य आयोजन! गांधी स्टेडियम में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद रहे मुख्य अतिथि, निकाली गई एकता दौड़ व पदयात्रा


पीलीभीत। राष्ट्र निर्माता, भारत रत्न से सम्मानित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित गांधी स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का अद्भुत संगम दिखाई दिया। कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ श्रद्धांजलि देकर की गई। इसके उपरांत गांधी स्टेडियम में उपस्थित हजारों छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेटों, होमगार्ड जवानों, पीआरडी के जवानों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने ‘राष्ट्रीय एकता की शपथ’ ली। शपथ का वाचन पूर्व सांसद जुगल किशोर द्वारा किया गया, जिसमें देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

मुख्य अतिथि जितिन प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि “आज जब भारत विश्व पटल पर अपनी एकता और सामर्थ्य का परिचय दे रहा है, तो यह लौह पुरुष सरदार पटेल की दूरदृष्टि और दृढ़ नेतृत्व का ही परिणाम है। उन्होंने 567 रियासतों का विलय कर अखंड भारत की नींव रखी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश आज उसी लौह विचारधारा के मार्ग पर अग्रसर है, जिसने भारत को एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है।”

उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने जीवन को राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित किया। आने वाली पीढ़ियों को भी उनके आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेकर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत बनाना चाहिए।

इस अवसर पर युवा कल्याण विभाग के समन्वय में ‘एकता दौड़ एवं पदयात्रा’ का आयोजन किया गया, जिसे केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा गांधी स्टेडियम से प्रारंभ होकर सुंगधी चैक, छतरी चैक होते हुए पुनः स्टेडियम में संपन्न हुई। देशभक्ति के नारों से गूंजते इस मार्च में लगभग 1200 प्रतिभागियों ने भाग लिया।कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने राष्ट्रीय एकता पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्होंने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। छात्र-छात्राओं द्वारा बनाए गए आकर्षक स्लोगन और बैनर एकता, भाईचारे और देशभक्ति का संदेश दे रहे थे।कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह द्वारा पुरस्कृत किया गया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हमें दृढ़ निश्चय, एकता और सेवा भावना का पाठ पढ़ाता है।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, जिला विद्यालय निरीक्षक राजीव कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार, नोडल अधिकारी इंतजार खान, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख अजय गंगवार, विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, पूर्व सांसद जुगल किशोर, पूर्व विधायक किशन लाल राजपूत, संजय प्रताप सिंह, लेखराज भारती, देव स्वरूप पटेल, रेखा सिंह परिहार, गोकुल प्रसाद मौर्य, गीता मिश्रा, डॉ. आर.सी. गंगवार, अशोक कुमार, रुचि गंगवार, सुमित कुमार, कविता पटेल, जयप्रकाश, पंकज सिंह, लक्ष्मीकांत शुक्ला, सतीश पांडे, महेंद्र राजपूत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और समाजसेवी उपस्थित रहे।पूरा गांधी स्टेडियम देशभक्ति और एकता के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का समापन “राष्ट्र की अखंडता, एकता और समरसता बनाए रखने” के संकल्प के साथ किया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |