नजीबाबादः मिट्टी का अवैध खनन करते हुए डम्पर पकड़ा
October 23, 2025
नजीबाबाद। क्षेत्र में अभी रेत-बजरी का अवैध खनन बंद नहीं हो पाया था। इसी बीच क्षेत्र में मिट्टी का अवैध खनन खुलेआम शुरू हो गया है। ताजा मामला समीपुर जंगल का है, जहां जेसीबी मशीनों से मिट्टी खोदकर डंपर भरे जा रहे थे। इसी दौरान नजीबाबाद थाने के दो पुलिसकर्मियों ने खनन में लिप्त डंपर को मौके पर ही रोक कर उसे मंडी समिति चैकी के कब्जे में दे दिया। पुलिस ने पूरे प्रकरण की सूचना तत्काल डीएम बिजनौर को भेज दी। जब मौके पर कुछ मीडिया कर्मी कवरेज के लिए पहुंचे तो खनन माफिया अपने आप को किसान यूनियन का नेता बताते हुए पत्रकारों से उलझ गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त व्यक्ति किसान यूनियन के नाम का दुरुप्रयोग करते हुए अवैध खनन में लगातार सक्रिय है। इस पूरे मामले की शिकायत जल्द ही किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष से करने की बात कही गई। गांव के लोगों का कहना है कि मिट्टी माफिया पुलिस-प्रशासन पर रौब गालिब कर अपने धंधे को खुलेआम चला रहे हैं। इस मामले मंे तहसील प्रशासन की चुप्पी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मीडियाकर्मियों ने इस मामले में कार्रवाई न होने पर इसकी लखनऊ तक शिकायत करने की बात कही है।
