बाराबंकीः भैया दूज पर छाया मातम, करंट लगने से अधेड़ की मौत
October 23, 2025
रामनगर/बाराबंकी। जनपद के रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत लहड़रा के मतऊ पुरवा में बृहस्पतिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।मिली जानकारी के अनुसार, राकेश कुमार (49) पुत्र जियालाल दोपहर में हैंडपंप से पानी भरने गए थे। इसी दौरान मोटर में उतरे करंट की चपेट में आने से वह छटपटाने लगे। शोर सुनकर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें बेहोश हालत में पाया। आनन-फानन में राकेश को सीएचसी रामनगर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक की पत्नी रेशमा देवी ने बताया कि जब वह और बेटी फूलमती भैया दूज का पूजन करने गए थे, तभी यह हादसा हुआ। लौटने पर राकेश का शव देखकर परिवार चीख-पुकार कर उठा। बताया जा रहा है कि बेटी फूलमती की शादी जल्द ही तय थी, लेकिन पिता की असमय मृत्यु ने खुशियों को मातम में बदल दिया।गांव के निवासी पिंटू यादव ने बताया कि जब वह मौके पर पहुँचा तो राकेश को अचेत देख मदद करने गया, पर खुद को भी करंट लग गया। तब जाकर ग्रामीणों को हादसे की भयावहता का अहसास हुआ और बिजली सप्लाई बंद कराई गई।घटना की सूचना पर सब इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह व आरक्षी सुजीत कुमार मौके पर पहुँचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।राकेश कुमार अपने पीछे पत्नी रेशमा देवी, दो बेटे अमरचंद्र ( उम्र 17) व करमचंद ( उम्र 11) और बेटी फूलमती ( उम्र 19) को छोड़ गए हैं। पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
