बाराबंकी:एसडीएम ने हेतमापुर मेले की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
October 22, 2025
रामनगर/बाराबंकी। रामनगर तहसील क्षेत्र के हेतमापुर गांव में लगने वाले पारंपरिक मेले की तैयारियों का बुधवार शाम एसडीएम गुंजिता अग्रवाल ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उनके साथ तहसीलदार विपुल सिंह, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी एवं स्थानीय पुलिस कर्मी मौजूद रहे। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने मेले में स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें।उन्होंने मेले क्षेत्र में बिजली, पेयजल व प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। तहसीलदार विपुल सिंह ने बताया कि प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि मेले का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी ने भी भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की। पुलिस कर्मियों ने सुरक्षा तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों ने मेले आयोजकों को निर्देशित किया कि सभी स्टॉल निर्धारित स्थानों पर ही लगाए जाएं और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने दी जाए।निरीक्षण के अंत में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल ने कहा कि हेतमापुर मेला क्षेत्र की पारंपरिक आस्था का प्रतीक है, इसलिए प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो।
