प्रतापगढ। पति से अनबन होने पर विवाहिता अपने भाई को बुलाकर अपने मायके चली गई। आरोप है कि विवाहिता ने अपने पति को झांसा देकर अपने मायके बुलाया और अपने भाई तथा अन्य लोगो के साथ पति तथा पति के साथ आई अपनी ननद और सास की जमकर पिटाई करवा दी एवं पति के चार पहिया वाहन को भी तोड़वा दिया। पीड़ित ने मामलें की तहरीर पुलिस को दी है।
अमेठी जनपद के रामगंज (भादर) थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर गांव के रहने वाले रामजी वर्मा पुत्र चंद्रपाल का विवाह कंधई थाना क्षेत्र के आसलपुर गांव के रहने वाले संतलाल वर्मा की पुत्री खुशबू के साथ एक वर्ष पूर्व हुई थी। आरोप है कि विवाह के कुछ दिनों बाद ही खुशबू अपने पति को नजरअंदाज करने लगी और दोनों के बीच मनमुटाव रहने लगा। इसी बीच खुशबू गर्भवती हो गई और अगस्त माह में अपने भाई को बुलाकर अपने मायके आ गई। पीड़ित राम जी वर्मा का आरोप है कि बीते रविवार को खुशबू ने अपनी तबियत खराब होने का बहाना बताकर अपने पति को अपने मायके बुलवाया। उसके पति का कहना है कि वो अपनी मां जानकी देवी एवं बहन आरती देवी के साथ जैसे ही ससुराल पहुंचा वैसे ही उसके रिश्ते में लगने वाले सालों ने अपने साथियों के साथ उस पर,उसकी बहन एवं उसकी मां के ऊपर लात घूसों से हमला कर दिया और उसके वाहन को भी तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। विदित हो कि रामजी वर्मा व उसकी मां जानकी देवी को अंदरूनी गंभीर चोटें आई हैं। बताते चलें कि ससुराल में हुए अचानक हमले से रामजी घबरा गया। गांव के लोगो के बीच बचाव कर मामले की सूचना पुलिस को दी पुलिस भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुँच गई, तब जाकर उसकी जान बची। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। हालांकि पुलिस ने अभी तक न तो कोई मेडिकल करवाया और न ही कोई कार्रवाई की है।
.jpg)