तिलोई: मानवता शर्मसार! लावारिस मिली नवजात बच्ची! चाइल्डलाइन टीम और पुलिस की मदद से बची नवजात की जान
October 30, 2025
तिलोई/अमेठी। अमेठी जिले के तहसील तिलोई क्षेत्र से मानवता को शर्मशार करने का मामला प्रकाश में आया है।तिलोई क्षेत्र में किसी दरिंदें ने नवजात दुधमुंही बच्ची के साथ क्रूरता दिखाई है तो वहीं दूसरी तरफ पुलिस और चाइल्डलाइन की टीम ने इंसानियत की मिसाल पेसकर मासूम बच्ची को नाले से सुरक्षित निकालकर बेटी बचाओ का बड़ा संदेश दिया है। गुरूवार की सुबह तकरीबन 5 बजे तहसील तिलोई क्षेत्र के थाना फुरसतगंज अंतर्गत चेतपुर मजरे पीढ़ी गांव स्थित नाले के पास एक नवजात दुधमुंही लावारिस बच्ची पड़ी मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।ग्रामीण श्रीकृष्ण की सूचना पर पहुंची पुलिस और चाइल्डलाइन की टीम ने बच्ची को नाले के पास से सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां बच्ची का फौरी उपचार किया गया और वह पूरी तरह से सुरक्षित व स्वस्थ हैं। चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव के मुताबिक गुरुवार की सुबह करीब 5 बजे श्रीकृष्ण नाम के व्यक्ति द्वारा मिली सूचना के आधार पर पुलिस की मदद से बताए गए स्थान पर तत्काल पहुंचकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल फौरी उपचार हेतु सीएचसी फुरसतगंज में भर्ती कराया गया। जहां से रेफर होने के बाद जिला अस्पताल गौरीगंज के एनआईसीयू वार्ड में कुशल डॉक्टरों की टीम बच्ची की देखभाल कर रही है। बच्ची कहां की है और किसने उसे मरने के लिए नाले के पास फेंका उसकी गहन जांच पड़ताल फुरसतगंज पुलिस कर रही है।बहरहाल जाको राखे साइयां मार सके ना कोय।इस चरित्रार्थ को साबित कर दिखाया है पुलिस और चाइल्डलाइन की टीम ने जो अल्प समय में मौके पर पहुंच बच्ची की जान बचाकर मानवता को कलंकित करने वाले दरिंदों के मुंह पर कालिख पोत दिया है।
