पीलीभीतः लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती मनाई ! इकरा पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज में मनाई गई एकता दिवस की गौरवशाली प्रेरणा
October 31, 2025
पीलीभीत। भारत की अखंडता, एकता और साहस के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर इकरा पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज, पीलीभीत में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्रधानाचार्या द्वारा सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ। इस दौरान वातावरण “सरदार पटेल अमर रहें और राष्ट्र की एकता हमारी शक्ति है जैसे नारों से गूंज उठा। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने सरदार पटेल के जीवन, उनके योगदान और स्वतंत्र भारत की एकता के प्रति उनके समर्पण पर आधारित भाषण, कविताएं और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। छात्राओं ने बताया कि किस प्रकार सरदार पटेल ने स्वतंत्र भारत के 562 रियासतों का विलय कर अखंड भारत का निर्माण किया। उनके इसी योगदान के कारण उन्हें ‘भारत का लौह पुरुष’ कहा गया। प्रधानाचार्या ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल न केवल भारत के एकीकरण के शिल्पी थे, बल्कि वे सच्चे राष्ट्रनायक थे, जिनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और अडिग संकल्प से आज हम एकजुट भारत का गौरव अनुभव करते हैं। हमें उनके आदर्शों पर चलकर समाज में एकता, अनुशासन और सेवा की भावना विकसित करनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में समस्त शिक्षकों, छात्राओं और कर्मचारियों ने मिलकर राष्ट्रीय एकता की शपथ ली और यह संकल्प लिया कि वे देश की एकता, अखंडता और समरसता को बनाए रखने के लिए सदैव प्रयासरत रहेंगे। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, छात्राएँ और कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरा माहौल देशभक्ति और एकता की भावना से सराबोर था। इस अवसर पर इकरा पब्लिक गर्ल्स इंटर कॉलेज ने यह संदेश दिया कि सरदार पटेल की जयंती केवल एक स्मरण दिवस नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी की भावना को पुनर्जीवित करने का अवसर है।
