पीलीभीत। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ आस्था अग्रवाल ने शहर के निचले इलाकों में पहुंचकर जल भराव की स्थिति जानी। जिन क्षेत्रों में अभी भी कुछ पानी रह गया है, उसको निकलवाने के लिए पंपिंग सेट लगवा कर पानी क्रॉस करवाने के निर्देश दिए।
पालिका अध्यक्ष डॉ आस्था अग्रवाल ने नकटादाना चैराहा के समीप स्थित साई धाम मंदिर कॉलोनी, गोदावरी स्टेट कॉलोनी, ऑफीसर कॉलोनी और बल्लभनगर कॉलोनी का निरीक्षण किया। नालों की सफाई चेक की। इस अवसर पर उन्होंने निर्देश दिए कि जिन निचले इलाकों में अभी भी पानी रुका हुआ है, वहां पंपिंग सेट लगाकर पानी को निकलवाया जाए। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर नगर पालिका द्वारा पंपिंग सेट लगवाए गए हैं। पम्पिंग सेट द्वारा लगातार निचले इलाकों का पानी निकलवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए तहसील सदर में लगातार किचन चल रहा है और खाने के पैकेट पहुंचाए जा रहे हैं। लोगों से अपील की कि यदि जल भराव संबंधी किसी भी तरह की दिक्कत होती है, तो वे वार्ड सभासद, नगर पालिका के कर्मचारी, वार्ड के सफाई नायक, सफाई निरीक्षक से संपर्क स्थापित कर सकते हैं। उनकी समस्या का तुरंत समाधान किया जाएगा। कुछ निचले इलाकों में जल भराव को समाप्त करने के लिए कच्ची नाली खुदवा कर पानी निकालने की वैकल्पिक व्यवस्था करवाने के भी निर्देश दिए।इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ लिपिक अमर किशोर, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक साबिर अली, जलकल प्रभारी तारिक हसन खां एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
