पीलीभीत। कसाइयों की हैवानियत ने एक बार फिर समाज को झकझोर कर रख दिया है। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के सबलपुर गांव में गुरुवार को तस्करों ने तीन आवारा गोवंशीय पशुओं का बेरहमी से वध कर उनके मांस को उठा ले गए, जबकि खाल, पूंछ और अन्य अवशेष खेतों में फेंक दिए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भारी आक्रोश के साथ मौके पर पहुंचे।घटनास्थल पर पहुंचे अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद बजरंग दल के जिला प्रमुख शिवम भदौरिया, बृजेश तोमर, आकाश पांडे, बब्लू पांडे, दीनू मौर्य समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने खेतों से अवशेष एकत्र किए। लगातार हो रही गौकशी की वारदातों से गुस्साए कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी और हंगामा किया।सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रतीक दहिया मौके पर पहुंचे और कोतवाली पुलिस के साथ घटनास्थल की गहन जांच पड़ताल की। प्रभारी पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने मौके पर पहुंचकर अवशेषों का परीक्षण किया, जिसके बाद पुलिस व ग्रामीणों की मदद से उन्हें मिट्टी में दफन करा दिया गया।हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि इलाके में मांस तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है और प्रशासन इसकी अनदेखी कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गौकशी की घटनाएं नहीं रुकीं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रतीक दहिया ने कहा कि गोवंशीय पशुवध की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच कराई गई। अवशेषों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। अज्ञात तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।”
