Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

लखनऊ: पशुपालकों ने छुड़ाए पशु, किसान यूनियन का धरना समाप्त


लखनऊ। बरावनकला क्षेत्र में अवैध डेयरियों के विरुद्ध नगर निगम की कार्रवाई के बाद पिछले कई दिनों से जारी विवाद आखिरकार गुरुवार को शांत हो गया। कांजी हाउस में निरुद्ध पशुओं की रिहाई के साथ ही किसान यूनियन नेताओं ने अपना धरना समाप्त करने की घोषणा की।गौरतलब है कि 12 सितम्बर को नगर निगम की टीम ने दुबग्गा थाना अंतर्गत बरावनकला में अवैध डेयरियों पर कार्रवाई करते हुए 4 भैंस, 2 छोटी पड़िया और 2 गाय को कब्जे में लेकर पीजीआई स्थित कांजी हाउस भेजा था। इस कार्रवाई का पशुपालकों ने विरोध किया था और किसान यूनियन नेताओं ने जुर्माने की धनराशि माफ करने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया था।मामले के समाधान के लिए किसान यूनियन नेताओं के विशेष अनुरोध पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने हस्तक्षेप किया। वार्ता के बाद पर्वतीय महापरिषद अध्यक्ष गणेश चंद्र जोशी ने नगर निगम कोष में पशुपालकों की ओर से आवश्यक जुर्माना राशि जमा की। इसके बाद निगम ने पशुओं की रिहाई का आदेश दिया। पशुपालकों ने अपने-अपने पशुओं को कांजी हाउस से छुड़ा लिया। इसके साथ ही किसान यूनियन नेताओं ने भी अपना धरना समाप्त कर दिया।नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता और नियम-कानून के पालन में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही यह भी संदेश दिया गया कि भविष्य में इस तरह की अवैध डेयरियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |