पीलीभीतः जहानाबाद के खमरिया पुल गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने ससुरालियों पर लगाया हत्या का आरोप! दो दिन पहले ही गई थी ससुराल, रात 10 बजे फोन पर जताई थी प्रताड़ना
September 25, 2025
पीलीभीत। जहानाबाद थाना क्षेत्र के खमरिया पुल गांव में बुधवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। विवाहिता का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। मायके पक्ष ने इस मौत को हत्या करार देते हुए दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान सविता देवी (25 वर्ष) पत्नी निवासी खमरिया पुल, थाना जहानाबाद के रूप में हुई है। सविता के भाई मुनेंद्र, निवासी घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव खुदरहा, ने बताया कि उसकी बहन की शादी करीब दो वर्ष पूर्व जहानाबाद क्षेत्र के खमरिया पुल निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित कर रहे थे। परिवारजनों का आरोप है कि इसको लेकर पहले भी पुलिस में प्रार्थना पत्र दिया गया था। मामला समझौता केंद्र तक पहुंचा, जहां करीब दो माह पूर्व सुलह होने के बाद सविता को फिर से ससुराल भेजा गया था। भाई मुनेंद्र ने बताया कि समझौते के बाद सविता कुछ समय तक मायके में रही। दो दिन पूर्व ही वह वापस ससुराल गई थी। लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा। बुधवार रात करीब 10 बजे सविता ने फोन कर मायके वालों को बताया कि ससुराल के लोग उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। कुछ देर बाद मायके पक्ष को सूचना मिली कि उसकी मौत हो गई है। सूचना पाकर मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि फोन पर प्रताड़ना की जानकारी देने के कुछ देर बाद ही मौत होना यह साफ दर्शाता है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप कुमार विश्नोई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया मृतका के भाई द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है। मायके पक्ष गम और आक्रोश में है तो वहीं ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगने के बाद गांव में तनाव का माहौल भी देखा जा रहा है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि यह आत्महत्या है या फिर दहेज हत्या का मामला।
