पीलीभीतः घरेलू विवाद से दंपती ने खाया जहर, पत्नी की मौत, पति की जान बची
September 08, 2025
पीलीभीत। कस्बा न्यूरिया में रविवार को पति-पत्नी के बीच विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। घरेलू कलह से आहत होकर दंपती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इस दर्दनाक घटना से कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई। कस्बा निवासी राजू मौर्य पुत्र रामदयाल छत्तीसगढ़ में साइकिल मिस्त्री का काम करता है। करीब सात वर्ष पूर्व उसकी शादी छत्तीसगढ़ निवासी सीतु उर्फ छोटी (26 वर्ष) से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं, जिनमें बेटी की उम्र पांच साल और बेटे की उम्र तीन साल बताई जा रही है। परिवारजनों के अनुसार हाल ही में राजू अपनी पत्नी की मौसेरी बहन को घर ले आया और उसे भी पत्नी का दर्जा दे दिया। इसी बात को लेकर राजू और उसकी पत्नी सीतु के बीच विवाद गहराता चला गया। कलह बढ़ने पर आहत दंपती ने रविवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान सीतु की मौत हो गई। वहीं, राजू की हालत में सुधार होने पर उसे छुट्टी दे दी गई। सोमवार को जब मृतका के अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, तभी पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रशिक्षु सीओ गायत्री यादव ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के घर पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)