बीसलपुरः राज्य मंत्री के निर्देश पर डीएम ने गठित की बाढ़ राहत टीमें! सर्वे, राहत सामग्री वितरण और पेयजल उपलब्धता पर दिया जोर
September 08, 2025
बीसलपुर। बाढ़ से हुई तबाही और फसल नुकसान को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के निर्देश पर जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न विभागों की टीमें गठित की हैं। ये टीमें गांवों में सर्वे कर प्रभावितों को राहत उपलब्ध कराने का कार्य कर रही हैं। देर रात किसान नेता देवस्वरूप पटेल ने हेतमनगर, बड़ेपुरा, अखोला, मझगवा सहित कई गांवों का दौरा किया और बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बाढ़ पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होगा।ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर ही नायब तहसीलदार अवधेश कुमार से वार्ता कर राहत सामग्री वितरण का आश्वासन दिलाया गया। इस दौरान अशुद्ध पेयजल की समस्या देखते हुए प्रभावित गांवों में टैंकरों से पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई।किसान नेता ने कहा कि भूमि कटान और फसल नुकसान की भरपाई हेतु कृषि, तहसील और विकास खंड स्तर पर गठित कमेटियां सर्वे कर रही हैं। जितिन प्रसाद शीघ्र ही स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे और बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाएंगे।
