अमेठीः मिशन वात्सल्य योजना! ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक सम्पन्न
September 24, 2025
अमेठी। उपजिलाधिकारी/प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी अमेठी सात्विक श्रीवास्तव के निर्देशानुसार आज विकास खंड गौरीगंज में मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी गौरीगंज ने की। बैठक में बच्चों की सुरक्षा, संरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और देखरेख से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही बाल श्रम, बाल यौन शोषण, कुपोषण, पलायन, ट्रैफिकिंग और बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता जैसे गंभीर विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। संरक्षण अधिकारी अजय कुमार ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं कृ मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड/सामान्य), निराश्रित महिला पेंशन योजना, स्पॉन्सरशिप योजना आदि के बारे में जानकारी दी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। खंड विकास अधिकारी ने निर्देशित किया कि 06 से 14 वर्ष तक के ऐसे बच्चों को, जो आर्थिक अभाव के कारण विद्यालय में नामांकित नहीं हैं, चिन्हित किया जाए और प्रवर्तकता कार्यक्रम के अंतर्गत उन्हें वित्तीय सहायता प्रदान करने हेतु प्रस्ताव बाल कल्याण समिति को भेजे जाएं। साथ ही ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी बच्चे विद्यालय में नामांकित हों। बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी बच्चों का नियमित टीकाकरण एवं स्वास्थ्य संबंधी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति संबंधित विभागों द्वारा की जाए। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी गौरीगंज, चिकित्साधिकारी गौरीगंज, बाल विकास परियोजना अधिकारी के प्रतिनिधि, सहायक विकास अधिकारी पंचायत गौरीगंज, बाल कल्याण अधिकारी गौरीगंज एवं लक्ष्मी गुप्ता (सामाजिक कार्यकर्ता, जिला बाल संरक्षण इकाई) सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
