बलिया। जनपद के सुखपुरा थाना अंतर्गत जीराबस्ती गांव में हाईटेंशन तार गिरने से दो सगी बहनों की करेंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। घटना के वक्त दोनों छात्राएं धरहरा स्थित सेंट जेवियर स्कूल से पढ़ाई कर घर लौट रही थीं। तभी गांव के सड़क पर जल-जमाव के कारण गिरे हुए हाई टेंशन तार की चपेट में आ गईं। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह जिला चिकित्सालय जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात किए। उन्होंने इस हादसे को बेहद दुखद बताया और कहा कि इस प्रकार की घटनाएं कभी नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने इस मामले को संज्ञान लेते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बिजली विभाग के एक्सईएन नरेंद्र ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर ने विद्युत आपूर्ति को तत्काल बंद करा दिया। साथ ही स्थानीय लाइनमैन और अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर जांच की। जांच में टूटा हुआ एचटी तार पाया गया। हालांकि जब स्थानीय लोगों से बात की गई तो किसी ने तार बदलने की शिकायत नहीं की।
जिलाधिकारी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए संबंधित जेई (जूनियर इंजीनियर) और एसडीओ (सुपरवाइजिंग डिवीजन ऑफिसर) के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने एवं उनके निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, मृत छात्राओं के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि देने का भी आदेश दिया है।
