Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

बलिया: अब भी टकटकी लगाए हैं गंगा उस पार के गांव श्चक्की नौरंगाश् के कटान पीड़ित! 20 किमी की दूरी तय कर एसडीएम आलोक प्रताप सिंह को कटान पीड़ितों ने ज्ञापन सौंपा


बलिया/बैरिया। गंगा नदी में आई बाढ़ व कटान के भयंकर प्रकोप की चपेट में आने से बेघर हुए गंगा उस पार चक्की नौरंगा गांव के कटान पीड़ितों ने 20 किलोमीटर दूरी तय कर उप जिलाधिकारी आलोक प्रताप सिंह को ज्ञापन देने के लिए गोपालनगर टाड़ी पहुंचे। कटान पीड़ितों ने ज्ञापन में राहत व बचाव के लिए सहायता संरक्षा की गुहार लगाई और कहा कि अगर सरकार हम लोगों की मांगों को गंभीरता से नहीं लेगी तो हम लोग आमरण अनशन के लिए बाध्य होंगे।

बता दें कि चक्की नौरंगा के लोग कटान से शेष बचे गांव को सुरक्षित करने कटान के मुहाने पर आए घरों को तत्काल समुचित उपाय करके कटान से बचाने की मांग को लेकर पिछले छह दिनों से चक्की नौरंगा प्राथमिक विद्यालय परिसर में धरने पर बैठे हुए हैं। गुरुवार को धरने पर बैठे कुछ लोग ज्ञापन देने के लिए चक्की नौरंगा से नांव पर सवार होकर दया छपरा और वहां से तहसील पहुंचे। तहसील पहुंचने पर कर्मचारियों ने बताया कि उप जिलाधिकारी तहसील पर न होकर तहसील मुख्यालय से लगभग 14 किलोमीटर दूर उत्तरी दियारांचल के गोपाल नगर टाड़ी पर सरयू नदी में हो रहे कटान को देखने के लिए गए हुए हैं। चक्की नौरंगा के कटान पीड़ित बैरिया तहसील से गोपाल नगर टाड़ी पहुंच गए और उप जिलाधिकारी को दो ज्ञापन सौंपे, जिसमें अवशेष चक्की नौरंगा गांव को कटान से बचाने के लिए जरूरी उपाय करने यहां से कटान से विस्थापित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर बसाने, जिनके मकान गंगा में विलीन हुआ है उन्हें गृह अनुदान देने और जिनके खेत व फसल बाढ़ व कटान से नुकसान हुआ है उनका सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की।

उधर ग्राम प्रधान सुरेंद्र ठाकुर द्वारा ज्ञापन देकर तत्काल कटान पीड़ितों को आवासीय भूमि का पट्टा उपलब्ध कराने व अन्य सहायता की मांग की। उप जिलाधिकारी के ज्ञापन के साथ मुख्यमंत्री को संबोधित एक पत्र भी ग्रामीणों ने एसडीएम को दिया। जिसे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आग्रह किया गया।

उप जिलाधिकारी आलोक प्रताप सिंह ने कटान पीड़ितों से कहा 20 किलोमीटर की दूरी तय करके परेशान होने की क्या जरूरत थी ? मैं स्वयं आ जाता, बहरहाल मैं अपनी तरफ से आप लोगों की हर संभव सहायता का प्रयास करूंगा। आपके पत्र को मुख्यमंत्री तक पहुंचाऊंगा। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने बाढ़ खंड के अधिकारियों को तीन दिन पूर्व मौके पर जाकर कार्य योजना बनाने का निर्देश दिया था। तब ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ खंड का कोई भी कर्मचारी व अधिकारी आज तक मौके पर नहीं पहुंचा। जिस पर उप जिलाधिकारी ने इस संदर्भ में जिलाधिकारी को रिपोर्ट करने का आश्वासन दिया।

ज्ञापन देने वालों में ग्राम प्रधान सुरेंद्र ठाकुर, राजू ठाकुर, क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश राम, राजू संजय राम ,राम, सहित दर्जनों लोग शामिल थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |