लखनऊ। विश्व फार्मेसिस्ट दिवस पर बृहस्पतिवार को राजधानी के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों पर विविध कार्यक्रम आयोजित करके फार्मोसिस्टों की उपयोगिता के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य आयोजन डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले बलरामपुर अस्पताल में सम्पन्न हुआ। एसोसिएशन के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में वार्डो में भर्ती मरीजों को फल और मिष्ठान्न का वितरण किया गया। इसके बाद एसोसिएशन कार्यालय में केक कटिंग सेरेमनी के दौरान उत्कृष्ठ कार्य करने वाले फार्मासिस्ट सम्मानित भी किये गये। सभा को सम्बोधित करते हुए प्रदेश के कोषाध्यक्ष अजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में फार्मासिस्टों की अहम भूमिका है। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सभी फार्मासिस्टों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट देश के नागरिकों के शारीरिक मानिसक और सामाजिक स्वास्थ्य की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं। इस बार विश्व फार्मासिस्ट दिवस का विषय ‘‘थिंक हेल्थ थिंक फार्मासिस्ट‘‘ रखा गया है जो बहुत ही विस्तृत और उचित है ।
प्रदेश का पूरा फार्मेसी समाज एकजुट होकर देश की स्वास्थ्य सुरक्षा में लग गया है, आवश्यकता है शासन और सरकार इस महत्वपूर्ण संवर्ग को उचित सम्मान और स्थान दे, जिससे फार्मेसी और विकसित हो सके, रोजगार के अवसर मिलें। चिकित्सा क्षेत्र में औषधियों की विश्वसनीयता, गुणवत्ता एवं सही सलाह अनिवार्य है। आम जनता को औषधि की जानकारी फार्मेसिस्ट से ही लेनी चाहिए । इस मौके पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मनमोहन मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव, उमेश मिश्रा और प्रवक्ता एसएम त्रिपाठी ने भी चिकित्सा के क्षेत्र में फार्मासिस्टों के योगदान पर प्रकाश डाला।
