लखनऊ: रसूलाबाद नगर पंचायत को नगर निगम ने लिया गोद! स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट रैंकिंग हेतु बनेगा विशेष एक्शन प्लान
September 28, 2025
लखनऊ। स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों को साकार करने और ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छता की दिशा में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नगर निगम लखनऊ ने रसूलाबाद नगर पंचायत को गोद लिया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नगर पंचायत को मेंटर करते हुए उसे स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग दिलाने के लिए सभी आवश्यक सहयोग प्रदान करना है।नगर निगम द्वारा शीघ्र ही एक समग्र ऐक्शन प्लान तैयार कर नगर पंचायत को उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत पंचायत क्षेत्र की सभी स्वच्छता संबंधी गैप्स (कमियों) की पहचान कर उन्हें दूर करने के ठोस उपाय किए जाएंगे। इसके लिए एक विशेष टीम गठित की जाएगी जो नगर पंचायत के साथ मिलकर काम करेगी और उन्हें स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक करेगी।स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए ग्रामवासियों को प्रशिक्षण व मार्गदर्शन दिया जाएगा। कचरा निस्तारण, घर-घर कचरा संग्रहण, शौचालय निर्माण, जल संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए विशेष कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके अलावा, ग्राम पंचायत में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रकार के आयोजन भी किए जाएंगे, जैसे कि स्वच्छता रैली, नुक्कड़ नाटक, और स्वच्छता से संबंधित प्रतियोगिताएं।सर्वेक्षण मानकों के अनुरूप पंचायत को आवश्यक तकनीकी व प्रशासनिक सहायता नगर निगम की टीम द्वारा प्रदान की जाएगी। नगर निगम लखनऊ का यह प्रयास न केवल रसूलाबाद नगर को स्वच्छता के क्षेत्र में मॉडल नगर पंचायत के रूप में स्थापित करेगा, बल्कि अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण बनेगा।नगर निगम के इस कदम से न केवल स्वच्छता के क्षेत्र में सुधार होगा, बल्कि ग्राम पंचायत के निवासियों के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आएगा। उक्त अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त डॉक्टर अरविंद कुमार राव के साथ साथ रसूलाबाद नगर ग्राम पंचायत अध्यक्ष गजाला अंसारी व अधिशासी अधिकारी मुकेश मिश्रा व अन्य अधिकारी शामिल रहे।
