लखनऊ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ष्मेरा युवा भारतष् तथा गृह मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से 17वां आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का शुभारंभ आज सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान, लखनऊ में हुआ। यह कार्यक्रम 25 सितम्बर से 1 अक्टूबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. आर.के. स्वर्णकार रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में गृह मंत्रालय के वामपंथी उग्रवाद प्रभाग के उप महानिदेशक श्री योगेश मोहन दीक्षित तथा युवा उद्यमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री राघव अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी क्षेत्रीय निदेशक मेरा युवा भारत श्री अनिल कुमार सिंह ने की। समारोह की शुरुआत स्वामी विवेकानंद जी, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ हुई।
इस अवसर पर श्री अनिल कुमार सिंह जी ने ष्मेरा युवा भारतष् एवं कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की । श्री राघव अग्रवाल ने व्यापार को सामाजिक सरोकार से जोड़ने के महत्व पर बल दिया। श्री योगेश मोहन दीक्षित ने प्रतिभागियों को बताया कि उन्हें लखनऊ की संस्कृति, धरोहर, सीआरपीएफ कैंप आदि का अवलोकन कराया जाएगा ताकि वे विकास की मुख्यधारा से जुड़कर भविष्य में आईएएस, पीसीएस अथवा अन्य सरकारी सेवाओं में जाकर देश की सेवा कर सकें। मुख्य अतिथि डॉ. आर.के. स्वर्णकार ने प्रतिभागियों से एक-दूसरे की भाषा, संस्कृति और रहन-सहन को सीखने का आह्वान किया तथा स्वामी विवेकानंद जी, महात्मा गांधी जी, सावित्रीबाई फुले जी और बिरसा मुंडा जी के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने संविधान में वर्णित मौलिक अधिकारों के बारे में बताया तथा साइबर अपराध से बचाव पर भी विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख समस्याएँ जैसे सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और नेटवर्क की कमी आदि की समस्या को खुलकर साझा कीं । संचालन उपनिदेशक नेहरू युवा केंद्र लखनऊ श्री विकास कुमार सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन जिला युवा अधिकारी आजमगढ़ श्री संजीव सिंह ने प्रस्तुत किया। इस आयोजन में राज्य प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।
